3/03/2008

हाथ उठाने वालों को लात मारने वाली बीवियां मिलनी चाहिए

बहुत दिनों बाद दिल्ली में रहने वाली अपने एक परिचित के घर गई। वहां उनके हसबैंड आफिस गए हुए थे और बच्चे स्कूल। उनसे हाय हलो के बाद जब बात शुरू हुई तो देखा कि उनके चेहरे पर चोट के निशान हैं और आंखें सूजी हुई हैं। मैंने पूछा, क्या हुआ, कुछ हुआ है क्या। उन्होंने शुरू में तो बात को बदलना चाहा और कुछ नहीं हुआ कहकर पाने चाय लाने चली गईं। मैं भी उनके साथ किचन में चली गई। वहां उन्हें थोड़े प्यार से अपने सीने से लगाकर पूछा तो वो रोने लगीं। उन्हें चुप कराया और दिलासा दिया। उन्होंने जो बताया उसे सुनकर मुझे बेहद ग्लानि हुई। उनके हसबैंड महोदय महीने में दो चार बार किसी न किसी छोटी बात पर उन्हें पीट दिया करते हैं। आज भी ऐसे ही किसी बात पर, टाइम से टिफिन न बनने पर पहले वो गुस्सा हुए और जब भाभी जी ने जवाब दे दिया तो वो उबल पड़े। उन्हें पहले धक्का दिया फिर पिटाई शुरू कर दी।
कब बंद होगा यह सब। घर में रहने, हाउसवाइफ बनने की मजबूरी के चलते जाने कितनी ही महिलाएं रोज रोज घुट घुट कर पिट पिट कर जिंदगी जीती हैं। इसीलिए मैं हमेशा लड़कियों से कहती हूं कि पढ़ लिखकर अपने पैर पर खड़े हो जाना फिर शादी करना ताकि अगर पुरुष खराब निकला, और जो कि खराब निकलता ही है तो तुम उनके हाथ उठाने पर लात उठाकर मारना। भले ही उसे छोड़कर अकेले गुजर बसर करना पड़े।

इस देश के कायर पुरुषों की मर्दानगी अपनी बीवियों पर ही निकलती है। मुफ्त में गुलाम पा जाते हैं जो उन्हें देह सुख देने के साथ नौकरों का भी सारा काम कर देती हैं। खाना पकाना पोंछा बर्तन दुकानदारी आना जाना......। तो ये सुख उठाने वाले पुरुषों को अगर लात मारने वाली पत्नी मिल जाए तो कितना मजा आए। अब तो कभी कभी यही लगता है कि सब कुछ छोड़ छाड़कर क्यों न सताई हुई औरतों को न्याय दिलाने के लिए लड़ा जाए और महिलाओं को उनके अधिकारों के लिए जागरूक किया जाए। यह बहुत बड़ा काम है जिसे अभी तक किया जाना बाकी है।